Breaking News

भारत इन 18 जिलों में कोरोना को रोकने में कामयाब हो जाता है तो देश की अर्थव्यवस्ता फिर पटरी पर आएगी

Photo: Gulf News

देश में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले 24 घंटों में 1500 से ज्यादा कोरोना के पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। हालांकि, इस बीच कोरोना के कुछ आंकड़ों ने राहत दी है। दरअसल, देश के कुल कोरोना वायरस मरीजों में से 50 फीसदी मरीज 18 जिलों से हैं। यदि सरकार ने इन 18 जिलों में संक्रमण को रोक लिया तो भारत को कोरोना पर जीत हासिल करने से शायद ही कोई रोक सके। वहीं, इसके अलावा 40 फीसदी जिलों में कोरोना का कोई भी मामला नहीं है।

वायरस से संक्रमण के कुल मामले 736 जिलों में से 411 जिलों से सामने आए हैं। 18 जिलों में संक्रमित मरीजों की संख्या में से 46 फीसदी मरीज सामने आए हैं। मुंबई (महाराष्ट्र), इंदौर (मध्य प्रदेश), हैदराबाद (तेलंगाना), रांची (झारखंड) और खुर्दा (ओडिशा) में अपने राज्यों के 50 फीसदी से ज्यादा मामले हैं। वहीं, दिल्ली और तमिलनाडु को छोड़ दिया जाए तो सभी राज्यों के 25 फीसदी से ज्यादा मामले उनके सबसे अधिक प्रभावित एक जिले से हैं।

देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या सोमवार सुबह 17 हजार के पार पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण के मामले बढ़ कर 17,265 हो गए। वहीं, देश में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या सोमवार को बढ़ कर 543 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी देश में कोविड-19 से संक्रमित 14,175 लोगों का उपचार चल रहा है जबकि 2,546 लोग उपचार के बाद ठीक हो गए हैं और उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। एक व्यक्ति विदेश चला गया है। इन मामलों में 77 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

महाराष्ट्र में सबसे अधिक मौतें

रविवार शाम से कुल 24 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें महाराष्ट्र के 12, गुजरात के पांच, राजस्थान के तीन और दिल्ली एवं कर्नाटक के दो-दो व्यक्ति शामिल हैं। संक्रमण के कारण देश में हुई कुल 543 लोगों की मौत में महाराष्ट्र में सर्वाधिक 223 लोगों की मौत हुई है। उसके बाद मध्य प्रदेश में 70, गुजरात में 63, दिल्ली में 45 और तेलंगाना में 18 लोगों की जान गई। उत्तर प्रदेश में 17 लोगों की मौत हो चुकी हैं जबकि पंजाब एवं कर्नाटक में 16-16 लोगों की इस संक्रमण के कारण मौत हुई है। संक्रमण से तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में 15-15 और राजस्थान में 14 लोगों की मौत हुई है। इस बीमारी ने जम्मू-कश्मीर में पांच लोगों की जान ले ली जबकि केरल और हरियाणा में तीन-तीन लोगों की मौत हुई है। झारखंड और बिहार में दो-दो लोगों की जान गई है। मेघालय, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और असम में एक-एक व्यक्ति की मौत इस संक्रमण से हुई है।

No comments